home page

चुनाव 26 : मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नंदीग्राम दौरे पर तृणमूल ने उठाए सवाल

 | 
चुनाव 26 : मुख्य निर्वाचन अधिकारी के नंदीग्राम दौरे पर तृणमूल ने उठाए सवाल


कोलकाता, 07 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनावी तैयारियों के बीच सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि हाल ही में नंदीग्राम दौरे के दौरान उनके साथ एक स्थानीय भारतीय जनता पार्टी नेता भी मौजूद थे।

दरअसल, मुख्य निर्वाचन अधिकारी अग्रवाल ने शनिवार को अपने जिला दौरे की शुरुआत नंदीग्राम से की थी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और चुनावी तैयारियों के सिलसिले में स्थानीय लोगों से बातचीत की।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने दौरे की कुछ तस्वीरें जारी कर दावा किया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ एक भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद था। कोलकाता स्थित तृणमूल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य और पार्टी नेता कुणाल घोष ने अग्रवाल की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए।

तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि तस्वीर में दिख रहा व्यक्ति तपन कुमार महापात्र है, जो नंदीग्राम के कालीचरणपुर इलाके का भाजपा संयोजक और विपक्ष के नेता तथा भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी का करीबी सहयोगी है।

कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ घूमते नजर आए, जो चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी पूछा कि अग्रवाल ने अपने जिला दौरों की शुरुआत राजनीतिक रूप से संवेदनशील सीट नंदीग्राम से ही क्यों की।

हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को खारिज किया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी पूरी निष्पक्षता के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं। नंदीग्राम के एक भाजपा नेता ने कहा कि अग्रवाल ऐसे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी हैं, जिन पर आम लोगों को भरोसा है। उनका कहना था कि संबंधित व्यक्ति की मौजूदगी व्यक्तिगत कारणों से हो सकती है और इसका पार्टी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।

गौरतलब है कि चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और भारत निर्वाचन आयोग के बीच कथित पक्षपात को लेकर लगातार आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। सत्तारूढ़ दल इससे पहले भी कई पर्यवेक्षकों और अधिकारियों पर भाजपा से कथित संबंध होने के आरोप लगा चुका है।

इस बीच तृणमूल कांग्रेस ने मतदाता सूची में संशोधन को लेकर भी चिंता जताई है। पार्टी का आरोप है कि बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं और लोग लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं। पार्टी ने मांग की है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्वयं जिलों में जाकर प्रभावित लोगों से बातचीत करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता