बीरभूम दौरे पर पहुंचे सीईओ मनोज अग्रवाल
कोलकाता, 10 अप्रैल (हि. स.)। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल बीरभूम जिले के दौरे पर पहुंचे हैं। उन्होंने जिले के दुबराजपुर क्षेत्र के यशपुर गांव में घर-घर जाकर सामान्य मतदाताओं से सीधा संवाद किया और उनसे पूछा कि क्या उन्हें किसी तरह का डर या असुविधा महसूस हो रही है। ग्रामीणों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग उत्साह के साथ दुर्गा पूजा देखते हैं, उसी तरह निडर होकर मतदान केंद्रों पर जाकर अपना वोट डालें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन और चुनाव आयोग पूरी तरह मुस्तैद हैं।
इलाके का भ्रमण करने से पहले मनोज अग्रवाल ने जिलाधिकारी धवल जैन, पुलिस अधीक्षक सूर्यप्रसाद यादव और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इसके बाद सिउड़ी सर्किट हाउस में उन्होंने विभिन्न राजनीतिक पार्टी के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी राय जानी। बीरभूम दौरे के अगले चरण में उनका रामपुरहाट जाकर वहां के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक और बैठक करने का कार्यक्रम था।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में पिछले शनिवार को जब वे नंदीग्राम गए थे, तब उनके दौरे की एक तस्वीर को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया था। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नंदीग्राम में वे एक स्थानीय भाजपा नेता के साथ घूम रहे थे, जिसे लेकर चुनाव आयोग से शिकायत भी की गई है। हालांकि, मनोज अग्रवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

