चुनाव 26: ईवीएम खराबी पर सीईओ बोले - सब ठीक हो जाएगा, हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
कोलकाता, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दौरान राज्य के कई क्षेत्रों से इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों में तकनीकी खराबी की शिकायतें सामने आई हैं। कुछ स्थानों पर मतदान शुरू होने में देरी हुई, जिससे मतदाताओं में नाराजगी भी देखी गई। इस बीच राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने कहा है कि सभी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और स्थिति जल्द सामान्य हो जाएगी।
गुरुवार सुबह मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में मनोज अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विभिन्न स्थानों से शिकायतें मिली हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा रहा है और मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रहेगी।
मालदा जिले के मोथाबाड़ी क्षेत्र में ईवीएम खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो पाने की शिकायत सामने आई। बताया गया कि निर्धारित समय के काफी देर बाद भी मतदान शुरू नहीं हुआ, जिससे मतदाताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने सेक्टर अधिकारी को घेरकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयोग के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर कड़ी कार्रवाई कर रहे हैं और मशीनों को दुरुस्त करने की प्रक्रिया जारी है।
कुछ अन्य क्षेत्रों से ईवीएम के साथ-साथ निगरानी कैमरों में खराबी की शिकायत भी मिली है। इस पर मनोज अग्रवाल ने कहा कि जहां-जहां तकनीकी समस्या है, उसे तुरंत ठीक कराया जा रहा है।
इसी बीच मुर्शिदाबाद जिले के नवादा क्षेत्र से बमबाजी की शिकायत भी सामने आई है। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि घटना मतदान केंद्र से कुछ दूरी पर हुई है और मामले में सख्त कदम उठाए जाएंगे।
पहले चरण में राज्य की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। आयोग का कहना है कि जहां कहीं भी तकनीकी या कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्या सामने आएगी, वहां तुरंत हस्तक्षेप किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

