हुगली में पहुंची केंद्रीय सुरक्षा बल
हुगली, 01 मार्च (हि. स.)। राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा अभी नहीं हुई है, लेकिन चुनाव से काफी पहले किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती शुरू हो गई है। इसी क्रम में रविवार तड़के हुगली जिले में केंद्रीय बल के जवानों का एक दल पहुंचा।
मिली जानकारी के अनुसार, जवानों का यह दल रविवार भोर में डानकुनी स्टेशन पर पहुंचा। चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के सूत्रों ने बताया कि पहले चरण में पांच और बाद में तीन कंपनी केंद्रीय बल कमिश्नरेट क्षेत्र में आएंगी। इन्हें विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
इसके अलावा, हुगली ग्रामीण पुलिस क्षेत्र के लिए भी अलग से केंद्रीय बल भेजे जाएंगे। इससे पहले नदिया और मालदह जिलों में भी केंद्रीय सुरक्षा बल पहुंच चुके हैं।
प्रशासन के अनुसार, केंद्रीय बलों की यह अग्रिम तैनाती मुख्य रूप से आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा और मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

