home page

चुनाव ड्यूटी पर आए 28 केंद्रीय जवान फूड पॉयजनिंग के शिकार

 | 
चुनाव ड्यूटी पर आए 28 केंद्रीय जवान फूड पॉयजनिंग के शिकार


कूचबिहार, 16 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच एक बड़ी घटना गुरुवार को सामने आई है। चुनाव ड्यूटी संभालने आए केंद्रीय बल के 28 जवान फूड पॉयजनिंग का शिकार हो गए। घटना बुधवार को तूफानगंज-2 ब्लॉक के तल्लीगुड़ी हाई स्कूल में हुई, जहां भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान ठहरे हुए थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, जवान स्कूल में ही रहकर खाना-पीना कर रहे थे। बुधवार को अचानक एक-एक कर कई जवान बीमार पड़ने लगे। उन्हें तुरंत तूफानगंज महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों का प्राथमिक अनुमान है कि भोजन या पीने के पानी में गड़बड़ी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। कई जवानों में तेज बुखार, पेट दर्द और उल्टी जैसे लक्षण देखे गए। 28 में से 14 जवानों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि बाकी को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।

तूफानगंज महकमा अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट मृणाल क्रांति अधिकारी ने बताया कि सभी प्रभावित जवानों को सलाइन दी जा रही है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इस घटना के बाद केंद्रीय बलों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन और पानी की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस मामले पर केंद्रीय बल के किसी अधिकारी ने फिलहाल कोई बयान नहीं दिया है।

तूफानगंज के एसडीपीओ कन्नेधारा मनोज कुमार ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, बीडीओ अजय कुमार दंडपाट ने भी पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

इधर, इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष उत्पल दास ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है और साजिश की आशंका जताई है।

वहीं, तृणमूल कांग्रेस के तूफानगंज-2 ब्लॉक अध्यक्ष निरंजन सरकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा हर मुद्दे में राजनीति करती है। उन्होंने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार