home page

पोस्ट ऑफिस जालसाजी मामले में सीबीआई की छापेमारी

 | 
पोस्ट ऑफिस जालसाजी मामले में सीबीआई की छापेमारी


सिलीगुड़ी, 29 जुलाई (हि. स.)। नक्सलबाड़ी पोस्ट ऑफिस में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी और जालसाजी के मामले की जांच के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बुधवार नक्सलबाड़ी के जाबरा मोड़ इलाके में छापेमारी की। पांच सदस्यीय सीबीआई टीम ने अचानक एक घर पर दबिश दी, लेकिन आरोपित महिला के मौजूद न होने के कारण अंततः घर को सील कर दिया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी पोस्ट ऑफिस धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में की गई। जाबरा मोड़ की निवासी मीनाक्षी प्रधान के घर पर सीबीआई अधिकारियों ने तलाशी ली। हालांकि, छापे के समय मीनाक्षी प्रधान घर पर मौजूद नहीं थी।

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस घर में जालसाजी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन के सबूत छिपे हो सकते है। इसी वजह से आरोपित की अनुपस्थिति में घर को सील कर दिया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस को घर के बाहर तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि मीनाक्षी प्रधान के अगले दो दिनों में नक्सलबाड़ी लौटने की संभावना है, जिसके बाद उनकी मौजूदगी में दोबारा तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार