कांकुड़गाछी मतदानोत्तर हिंसा प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की एक और गिरफ्तारी
कोलकाता, 06 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के कांकुड़गाछी में वर्ष 2021 के मतदानोत्तर हिंसा प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। अरूप दास नामक आरोपित को असम से गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय जांच एजेंसी ने उसे असम से दिल्ली जा रही एक रेलगाड़ी से दबोचा। वह अपनी पहचान छिपाकर रेलगाड़ी में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्य कर रहा था।
सीबीआई ने आरोपित की सूचनादाता के लिए 50 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार, आरोपित को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं। उसी दौरान कांकुड़गाछी में अभिजीत सरकार की हत्या का आरोप लगा था। परिजनों का आरोप है कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उनकी गले में तार लपेटकर तथा मारपीट कर हत्या कर दी गई थी।
प्रारंभ में इस मामले की जांच नारकेलडांगा थाना पुलिस कर रही थी। बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर जांच का दायित्व पुलिस से लेकर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दिया गया।
इस मामले में पुलिस ने पहले 15 आरोपितों के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया था। इसके बाद सितंबर 2021 में सीबीआई ने पहला अनुपूरक आरोपपत्र प्रस्तुत किया, जिसमें कुल 20 आरोपितों के नाम शामिल थे। इनमें 15 नाम पुलिस के आरोपपत्र में भी थे। गत वर्ष जुलाई में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने दूसरा अनुपूरक आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें कुल 18 आरोपितों के नाम दर्ज किए गए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

