मवेशी चोरी के आरोप में चार आरोपित गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 04 अगस्त (हि. स.)। नक्सलबाड़ी के लालपुल इलाके में राज्य सड़क से मवेशी चोरी के आरोप में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नूर आलम, मोहम्मद रफीस, सिद्दीक अली और मोहम्मद रफीकुल के रूप में हुई है, जो सभी बागडोगरा इलाके के निवासी है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल एक पिकअप वैन भी जब्त कर ली है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात एक गिरोह ने सड़क किनारे खड़े एक मवेशी को चारपहिया वाहन में लादकर फरार हो गया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नक्सलबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
इसी क्रम में सोमवार देर रात नक्सलबाड़ी दो नंबर एशियन हाईवे पर नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने नक्सलबाड़ी की ओर जा रही एक संदिग्ध चारपहिया गाड़ी को रोक कर तलाशी ली। जिससे रस्सी समेत कई संदिग्ध सामान मिले, जिससे पुलिस को शक हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपितों के बयान में असंगति मिलने पर पुलिस ने चारों को मवेशी चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

