home page

बिहार से कथित गौ तस्करी के आरोप में दुर्गापुर में ट्रक जब्त

 | 
बिहार से कथित गौ तस्करी के आरोप में दुर्गापुर में ट्रक जब्त


पश्चिम बर्दवान, 27 जुलाई (हि. स.)। बिहार से कोलकाता गौ तस्करी के कथित प्रयास को दुर्गापुर पुलिस ने विफल करने का दावा किया है। रविवार देर रात दुर्गापुर थाना के फरीदपुर चौकी की पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर अभियान चलाकर मवेशियों से लदे एक ट्रक को रोक लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रक से 21 गाय बरामद की गईं। इस मामले में ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार सुबह दोनों आरोपितों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सोमवार सुबह भाजपा के दुर्गापुर डिवीजन प्रभारी एवं युवा नेता पारिजात गांगुली फरीदपुर पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी सुसीम सरकार को मिठाई खिलाकर गौ तस्करी रोकने में पुलिस की भूमिका की सराहना की और धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर पारिजात गांगुली ने कहा कि इस घटना से साबित होता है कि पिछले तीन महीनों में पश्चिम बंगाल पुलिस की कार्यशैली में बदलाव आया है। उनका आरोप था कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में गौ तस्करी खुलेआम होती थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा