खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर एक करोड़ 40 लाख रुपये नकद के साथ व्यक्ति गिरफ्तार
खड़गपुर, 04 नवंबर (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह रेलवे पुलिस ने एक व्यक्ति को एक करोड़ 40 लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 500 रुपये के नोटों की 280 गड्डियां बरामद की गई हैं। वह इतनी बड़ी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
रेलवे पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत उपनिरीक्षक तरुण किशोर जेना अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या सात के हावड़ा छोर पर दो हैंडबैग और एक नीले रंग का बैकपैक लेकर भागने का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने रोक लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपनी पहचान राहुल सोनी (36) के रूप में बताई। वह स्वर्गीय चंद्रकांत सोनी का पुत्र है और हावड़ा पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत हावड़ा थाना क्षेत्र के 120, जीटी रोड का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि वह टाटानगर से हावड़ा तक बिना हिसाब की नकदी लेकर जा रहा था।
इसके बाद खड़गपुर रेलवे राजकीय पुलिस के प्रभारी निरीक्षक एवं राजपत्रित अधिकारी अभिजीत चटर्जी तथा स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में आरोपित के सामान की तलाशी ली गई। पूरी तलाशी प्रक्रिया ई-साक्ष्य प्रणाली के माध्यम से वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ संपन्न की गई। बरामद नकदी की मशीन से गिनती कराई गई, जिसमें कुल एक करोड़ 40 लाख रुपये मिले। यह राशि 500 रुपये के नोटों की 280 गड्डियों में रखी गई थी।
नकदी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहने पर पुलिस ने नियमानुसार जब्ती सूची तैयार कर पूरी राशि जब्त कर ली। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 47 एवं 48(एक), सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
उपनिरीक्षक टी.के. जेना की लिखित शिकायत के आधार पर खड़गपुर रेलवे राजकीय पुलिस थाने में मामला संख्या 167/26, दिनांक चार नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(दो), 317(पांच) और 61(दो) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच का दायित्व उपनिरीक्षक स्वपन कुमार भुइयां को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

