जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज में रक्त की अदला-बदली का मामला, स्वास्थ्य मंत्री ने 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट
जलपाईगुड़ी,17 नवंबर (हि.स.)। जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में एक मरीज के लिए लाया गया रक्त अन्य मरीज को चढ़ाने के आरोप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कमेटी को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
वहीं, कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों को शोकॉज करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। घटना के बाद चिकित्सा जगत में यह सवाल उठने लगा है कि रक्त चढ़ाने से पहले निर्धारित नियमों के अनुसार मरीज की पहचान और ब्लड ग्रुप की जांच की गई थी या नहीं। यदि जांच हुई थी, तो फिर इस तरह की गड़बड़ी कैसे हुई? अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है और उसे 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अस्पताल के मेडिसिन विभाग में हुई। रानीनगर निवासी बलिन राय को एनीमिया की शिकायत के बाद 10 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की सलाह पर 12 नवंबर को उन्हें एक यूनिट ए-पॉजिटिव रक्त चढ़ाया गया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें एक और यूनिट रक्त देने की सलाह दी।
इसी के तहत शनिवार को परिजनों ने ब्लड बैंक से एक यूनिट रक्त लेकर वार्ड में ड्यूटी पर तैनात नर्सों को सौंपा। कुछ देर बाद जब रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो परिजनों की नजर रक्त के पैकेट पर पड़ी। उन्होंने देखा कि बलिन राय को ए-पॉजिटिव की जगह एबी-पॉजिटिव रक्त चढ़ाया जा रहा है। परिजनों ने तुरंत नर्सों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया रोक दी गई। बताया जा रहा है कि उसी वार्ड में पास के बेड पर कचुआ बोआलमारी निवासी बीरेंद्रनाथ शर्मा भर्ती थे। चिकित्सकों ने उन्हें भी रक्त चढ़ाने की सलाह दी थी। उनका ब्लड ग्रुप एबी-पॉजिटिव था। आरोप है कि उनके लिए निर्धारित एबी-पॉजिटिव रक्त बलिन राय को चढ़ाना शुरू कर दिया गया, जबकि दूसरी ओर बीरेंद्रनाथ शर्मा को ए-पॉजिटिव रक्त चढ़ाया जाने लगा। जबकि बलिन राय का ब्लड ग्रुप ए-पॉजिटिव है।दोनों मरीजों को रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया रोक दी गई। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि इस गड़बड़ी के कारण दोनों मरीजों को शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। बलिन राय के परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन को लिखित शिकायत भी सौंपी है। फिलहाल दोनों मरीज जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में ही भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सोमवार को इस घटना की विस्तृत खबर प्रकाशित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने भी हस्तक्षेप किया।सोमवार को कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कहा कि इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। मरीज फिलहाल स्वस्थ हैं। किसी भी व्यस्त अस्पताल में गड़बड़ी या समस्या हो सकती है, लेकिन सरकार ऐसी लापरवाही को न तो प्रोत्साहित करती है और न ही इसका समर्थन करती है। घटना से जुड़े लोगों को शोकॉज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही जांच कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मंगलवार को जलपाईगुड़ी के विधायक अनंतदेव अधिकारी ने भी घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और एमएसवीपी से बात की है। उन्होंने जल्द से जल्द जांच पूरी करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। विधायक ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा सेवा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

