home page

चुनाव 26 : पहले चरण में उम्मीदवारों ने डाले वोट, नेताओं ने शांतिपूर्ण मतदान और बदलाव का किया दावा

 | 
चुनाव 26 : पहले चरण में उम्मीदवारों ने डाले वोट, नेताओं ने शांतिपूर्ण मतदान और बदलाव का किया दावा


चुनाव 26 : पहले चरण में उम्मीदवारों ने डाले वोट, नेताओं ने शांतिपूर्ण मतदान और बदलाव का किया दावा


कोलकाता, 23 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बीच विभिन्न पार्टियों के प्रमुख उम्मीदवारों और नेताओं ने गुरुवार सुबह अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाला। मतदान के साथ ही नेताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने मतदान करने के बाद कहा कि राज्य में परिवर्तन की लहर है। उन्होंने दावा किया कि अब तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है और चुनाव आयोग ने पिछली बार की तुलना में बेहतर व्यवस्था की है। शुभेंदु ने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील भी की।

भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर क्षेत्र में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि लोग शांति से वोट दे रहे हैं और माहौल सामान्य है। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता होगी, वहां वे जाएंगे।

आसनसोल दक्षिण सीट से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल ने भी सुबह मतदान किया। वहीं तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी गौतम देव ने सिलीगुड़ी में सामान्य मतदाताओं के साथ कतार में खड़े होकर वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने चुनाव आयोग की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठाए।

मालदा के मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी मौसम बेनजीर नूर ने भी अपना मताधिकार का प्रयोग किया। उनके साथ कांग्रेस सांसद ईशा खान चौधरी ने भी मतदान किया। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

मुर्शिदाबाद क्षेत्र में आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर ने सुबह मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने भी लोगों से निर्भय होकर वोट देने की अपील की।

पहले चरण में 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। इस चरण में कुल एक हजार 478 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 167 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। राज्य भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और केंद्रीय बलों की व्यापक तैनाती की गई है।

कुछ क्षेत्रों से इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन में तकनीकी समस्या, बूथ पर तनाव और आरोप-प्रत्यारोप की खबरें भी सामने आईं, हालांकि अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर