home page

पश्चिम मेदिनीपुर में उम्मीदवारों की घोषणा से चुनावी हलचल तेज

 | 
पश्चिम मेदिनीपुर में उम्मीदवारों की घोषणा से चुनावी हलचल तेज


मेदिनीपुर, 17 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद विभिन्न दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और माकपा (सीपीआईएम) ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले की कई महत्वपूर्ण सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।

भाजपा ने दांतन विधानसभा सीट से पार्टी नेता और समाजसेवी अजित कुमार जाना को उम्मीदवार बनाया है। वह लंबे समय से इलाके में भाजपा के सक्रिय नेता के रूप में काम कर रहे हैं और विभिन्न सामाजिक कार्यों के जरिए लोगों के बीच अपनी पहचान बनाई है। मोहनपुर समेत दांतन विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में उन्होंने सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से आम लोगों के साथ संपर्क बनाए रखा है। हालांकि वह ज्यादा प्रचार में नहीं रहते, लेकिन क्षेत्र में लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान मानी जाती है।

वहीं, नारायणगढ़ विधानसभा सीट से भाजपा ने एक बार फिर रमाप्रसाद गिरि पर भरोसा जताया है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को इस सीट पर उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी, लेकिन इसके बावजूद पार्टी ने आगामी चुनाव में फिर से उन्हें ही उम्मीदवार बनाया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि इस बार संगठन को और मजबूत कर बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

इधर केशियाड़ी विधानसभा सीट से भाजपा ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता भद्र हेमरम को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। एक समय तृणमूल कांग्रेस से जुड़े रहे भद्र हेमरम अब भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनके नाम की घोषणा के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि भाजपा के इस फैसले से केशियाड़ी में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

दूसरी ओर, नारायणगढ़ विधानसभा सीट से माकपा ने तापस सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के अगले ही दिन पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए उनका नाम घोषित किया। उम्मीदवार घोषित होने के बाद तापस सिन्हा ने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बेलदा शहर में जुलूस भी निकाला। हाथों में लाल झंडे और नारेबाजी के बीच बड़ी संख्या में वाम समर्थक इस रैली में शामिल हुए।

तापस सिन्हा लंबे समय से वाम राजनीति से जुड़े हुए हैं और पहले भी विभिन्न चुनावों में पार्टी की ओर से उम्मीदवार रह चुके हैं। हालांकि पिछली बार उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है। वाम दलों का कहना है कि आम लोगों की समस्याओं को मुद्दा बनाकर संगठन को मजबूत करने के लिए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।

इन घोषणाओं के बाद पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दांतन, नारायणगढ़ और केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक समीकरण तेज़ी से बदलते नजर आ रहे हैं। चुनाव से पहले ही सभी दलों ने प्रचार और संगठन को मजबूत करने की तैयारी भी शुरू कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में इन सीटों पर मुकाबला और दिलचस्प होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता