कुल्टी में तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत घटक की कर्मी सभा सम्पन्न
आसनसोल, 28 मार्च (हि.स.)। आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के नियामतपुर में तृणमूल कांग्रेस की ओर से एक कर्मी सभा आयोजित की गई। सभा का नेतृत्व पार्टी उम्मीदवार अभिजीत घटक ने किया।
इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों से जुड़े पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा के दौरान कार्यकर्ताओं की समस्याओं और आपसी मतभेदों पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें जल्द सुलझाने पर जोर दिया।
स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ संगठित रूप से नहीं लड़ते हैं, तो इसका सीधा असर पार्टी की स्थिति पर पड़ेगा।
बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करने की अपील की गई, ताकि आगामी 2026 के विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर अभिजीत घटक ने घोषणा की कि वे दो अप्रैल को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

