home page

कानूनी संरक्षण की मांग लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे 'रेत माफिया' टुलू मंडल

 | 
कानूनी संरक्षण की मांग लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे 'रेत माफिया' टुलू मंडल


कोलकाता, 05 अगस्त (हि. स.)। बीरभूम के चर्चित 'रेत माफिया' टुलू मंडल ने सुरक्षा और कानूनी संरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उनके अधिवक्ता ने न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की अदालत में मामले का उल्लेख किया, जिसके बाद अदालत ने याचिका दायर करने की अनुमति दे दी। मामले पर इसी सप्ताह सुनवाई होने की संभावना है।

हाल ही में बीरभूम जिले के मोहम्मदबाजार थाना क्षेत्र के देउचा गांव में टुलू मंडल के रिश्तेदार मीनार मंडल के घर पर पुलिस ने छापेमारी कर करीब 28.5 करोड़ रुपये नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया था। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान टुलू मंडल का पता नहीं चल सका।

नकदी और सोना बरामद होने के बाद बीरभूम जिला पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया था। इस मामले में टुलू मंडल को मुख्य आरोपित बनाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनके खिलाफ एक हत्या के मामले सहित कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टुलू मंडल ने जिस मामले में हाई कोर्ट से संरक्षण की मांग की है, वह नकदी और सोना बरामदगी से संबंधित हालिया प्राथमिकी से जुड़ा हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर