home page

गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे विष्णुपुर के तृणमूल विधायक दिलीप मंडल

 | 
गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचे विष्णुपुर के तृणमूल विधायक दिलीप मंडल


कोलकाता, 22 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के विष्णुपुर से तृणमूल कांग्रेस विधायक दिलीप मंडल ने गिरफ्तारी की आशंका के बीच कलकत्ता हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। विधायक ने अपने खिलाफ दर्ज कई प्राथमिकी मामलों का हवाला देते हुए अदालत से गिरफ्तारी से संरक्षण देने की मांग की है।

दिलीप मंडल की ओर से उनके वकील ने गुरुवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ के समक्ष मामले का उल्लेख किया। अदालत ने याचिका दायर करने की अनुमति देते हुए मामले की सुनवाई शुक्रवार को करने की बात कही है।

विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर दिलीप मंडल धमकी भरे बयान देते सुनाई दिए थे। वीडियो में वह कथित रूप से कहते नजर आए कि पिछले 15 वर्षों तक उन्होंने काफी संयम बरता और माहौल शांत रखा, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

वीडियो में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को खुलेआम धमकी देने का भी आरोप है। हालांकि वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

वीडियो वायरल होने के बाद तृणमूल विधायक के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज की गईं। 14 मई को पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने पैलान स्थित उनके आवास पर तलाशी अभियान चलाया था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

तलाशी के दौरान अधिकारियों को घर के भीतर कई लग्जरी वाहन, स्विमिंग पूल, झूले और महंगे लकड़ी के फर्नीचर मिले थे। सूत्रों के अनुसार परिसर में गुफानुमा ढांचा भी मौजूद था। छापेमारी के बाद से दिलीप मंडल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

17 मई को राज्य पुलिस टास्क फोर्स और डायमंड हार्बर जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विधायक के बेटे अर्घ्य मंडल समेत छह लोगों को बक्खाली और फ्रेजरगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया था।

उनके पास से हथियार बरामद होने का दावा किया गया है। आरोपितों पर इलाके में अशांति फैलाने का भी आरोप है।

इसी बीच चल रही जांच और पुलिस कार्रवाई के बीच दिलीप मंडल ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर