जलपाईगुड़ी में केबल कर्मचारी पर चाकू से हमला, एक गिरफ्तार
जलपाईगुड़ी, 22 सितंबर (हि. स.)। शहर के व्यस्त कामारपाड़ा मोड़ इलाके में मंगलवार रात केबल की मरम्मत के दौरान एक कर्मचारी पर चाकू से हमला किए जाने से सनसनी फैल गई। घायल कर्मचारी की पहचान नितुन दासगुप्ता (42) के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उनका इलाज जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
जलपाईगुड़ी केबल ऑपरेटर एसोसिएशन के अनुसार, नितुन दासगुप्ता कामारपाड़ा इलाके में केबल लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान दो युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों युवकों ने काम में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को लात मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर एक युवक ने चाकू निकालकर नितुन पर हमला कर दिया। स्थानीय व्यवसायियों ने एक आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दूसरा आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपितों की स्कूटी भी जब्त कर ली है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों युवक नशे की हालत में थे और स्कूटी से कथित तौर पर नशीले पदार्थ भी बरामद हुए है।
कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ शुरू कर दी है। जबकि फरार दूसरे आरोपित की तलाश में अभियान चला रही है। घटना को लेकर केबल ऑपरेटरों में भी नाराजगी है।
केबल ऑपरेटरों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घायल की पत्नी रिम्पा दासगुप्ता ने बाजार के बीच हुई इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

