home page

सीएए के तहत एक लाख आवेदन, उत्तर 24 परगना में 75 प्रतिशत सुनवाई पूरी

 | 
सीएए के तहत एक लाख आवेदन, उत्तर 24 परगना में 75 प्रतिशत सुनवाई पूरी


कोलकाता, 25 नवंबर (हि. स.)। सीमावर्ती जिले उत्तर 24 परगना में नागरिकता और मतदाता सूची संशोधन की प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक तत्परता चरम पर है। जिला प्रशासन के सूत्रों के अनुसार, पूरे उत्तर 24 परगना जिले में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत अब तक लगभग एक लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 75 प्रतिशत आवेदनों की सुनवाई प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो चुकी है। प्रशासन ने आगामी 28 नवंबर तक शेष 25 प्रतिशत आवेदनों की सुनवाई भी पूरी करने का लक्ष्य रखा है।

निर्धारित समय-सीमा के भीतर इतनी बड़ी संख्या में आवेदनों का निपटारा करने के लिए जिले के प्रत्येक अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में जोर-शोर से काम चल रहा है। विशेष रूप से बशीरहाट एसडीओ कार्यालय के सामने प्रतिदिन आवेदकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। काम की गति बढ़ाने के लिए सामान्य कार्यदिवसों के अलावा शनिवार और रविवार को छोड़कर अन्य सभी सरकारी छुट्टियों के दिन भी सुनवाई प्रक्रिया जारी रखी गई है।

बुधवार को भी बशीरहाट एसडीओ कार्यालय में सीएए की सुनवाई को लेकर काफी चहल-पहल रही। बशीरहाट एसडीओ कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया, सीएए से संबंधित कार्यों के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही छुट्टियों के दिन भी काम किया जा रहा है और कार्य अवधि को एक घंटा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी बड़ी संख्या में आवेदनों की सुनवाई पूरी की गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2002 की मतदाता सूची में नाम न होने के कारण बड़ी संख्या में लोग अपनी नागरिकता और निवास की वैधता प्रमाणित करने के लिए प्रशासन के पास पहुंच रहे हैं। सुनवाई के दौरान आवेदकों से एक निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से बांग्लादेश का मूल पता, भारत आने का वर्ष, वर्तमान पता और भारत में निवास से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज मांगे जा रहे हैं।

सुनवाई में शामिल होने आए आवेदकों ने बांग्लादेश में लंबे समय तक झेले गए उत्पीड़न और वंचना का दर्द बयां किया। बांग्लादेश के सातखीरा से आकर बशीरहाट में बसीं शिप्रा घोष ने कहा, बांग्लादेश में हम उत्पीड़न के शिकार हुए थे। जान बचाने के लिए वर्ष 2014 में भारत आ गए थे। हमें सीएए की सुनवाई के लिए बुलाया गया है। सरकार हमें नागरिकता देगी, इससे हम बहुत खुश हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गंगा