home page

सिलीगुड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बागडोगरा हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत

 | 
सिलीगुड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बागडोगरा हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत


सिलीगुड़ी पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बागडोगरा हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत


सिलीगुड़ी, 20 मई (हि.स.)। उत्तर बंगाल के समग्र विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने महत्वपूर्ण उत्तर बंगाल दौरे पर बुधवार को सिलीगुड़ी पहुंचे। कोलकाता से हवाई मार्ग से दोपहर बागडोगरा एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका भव्य और राजकीय अंदाज में स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर बंगाल का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।

बागडोगरा एयरपोर्ट पर उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक और दार्जिलिंग लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजू बिष्ट समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी वहां जुटे थे। मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही पूरा क्षेत्र नारों और उत्साह से गूंज उठा। उन्हें फूलों के गुलदस्ते और पारंपरिक उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया गया।

एयरपोर्ट पर ही पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य में किसी भी तरह की गुंडागर्दी, तोलाबाजी या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य में कानून का राज चलेगा। जो लोग पुरानी व्यवस्था के भरोसे है, उन्हें समझ लेना चाहिए कि अब ऐसा नहीं चलेगा। कानून अपना काम करेगा।

उन्होंने आगे कहा, हर महीने उत्तर बंगाल आऊंगा, काम करने आऊंगा घूमने नहीं।

मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि उत्तर बंगाल के चाय बागान क्षेत्र, पर्यटन उद्योग और रुकी हुई विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाना इस दौरे का मुख्य उद्देश्य है।

पत्रकारों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा के बीच सड़क मार्ग से सिलीगुड़ी के मल्लागुड़ी स्थित पार्टी एवं प्रशासनिक कार्यालय के लिए रवाना हुए। रास्ते भर आम लोगों में उन्हें देखने का खास उत्साह देखने को मिला।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री आज उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई चरणों में बैठक करेंगे। इन बैठकों में लंबे समय से लंबित समस्याओं के स्थायी समाधान और विकास परियोजनाओं को गति देने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार