home page

बड़ा बाजार के पोस्ता मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव विश्वनाथ अग्रवाल पर अंडों से हमला, पोस्ता मार्केट अनिश्चितकाल के लिए बंद

 | 
बड़ा बाजार के पोस्ता मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव विश्वनाथ अग्रवाल पर अंडों से हमला, पोस्ता मार्केट अनिश्चितकाल के लिए बंद


कोलकाता, 02 जुलाई (हि. स.)। कोलकाता के ऐतिहासिक बड़ा बाजार स्थित पोस्ता मार्केट में गुरुवार को पोस्ता मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव विश्वनाथ अग्रवाल पर अंडों से हमला किए जाने की घटना से व्यापारिक क्षेत्र में तनाव फैल गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विश्वनाथ अग्रवाल कुर्सी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक महिला उन्हें थप्पड़ मारती हुई नजर आती है, जबकि उनके शरीर और कपड़ों पर टूटे हुए अंडे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि हिन्दुस्थान समाचार इस विडियो की पुष्टि नहीं करता।

घटना के बाद पोस्ता मार्केट के व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया। विश्वनाथ अग्रवाल पोस्ता मर्चेंट एसोसिएशन के सचिव हैं और उनके आह्वान पर व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। इससे पूरे पोस्ता मार्केट में कारोबार ठप हो गया।

सूत्रों के अनुसार, विश्वनाथ अग्रवाल पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कार्यकाल में उनके करीबी माने जाते थे। बताया जाता है कि उन्होंने कई कार्यक्रमों में ममता बनर्जी को आमंत्रित किया था और तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं से भी उनके निकट संबंध थे।

सूत्रों का यह भी दावा है कि उसी दौर में कुछ लोगों के साथ कथित तौर पर हुए दुर्व्यवहार और अत्याचार की नाराजगी के चलते उन पर अंडों से हमला किया गया। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

व्यापारियों का कहना है कि पोस्ता मार्केट तब तक बंद रहेगा, जब तक मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बाजार पहुंचकर व्यापारियों से मुलाकात नहीं करते। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है। हालांकि इस घटना में कोई पुलिस शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर