home page

कोलकाता में कारोबारी का अपहरण, फर्जी सीआईडी बनकर लूटपाट

 | 

कोलकाता, 28 जून (हि. स.)। उत्तर 24 परगना जिले के एक कारोबारी का कथित तौर पर अपहरण कर चलती कार में लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर कारोबारी को अगवा किया और उसके साथ मारपीट कर नकदी व सोने की चेन लूट ली।

रविवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार को मध्य कोलकाता के रेड रोड इलाके के पास हुई। पीड़ित कारोबारी उत्तर 24 परगना के बादुड़िया का निवासी है और आयात-निर्यात के कारोबार से जुड़ा है। उसने शिकायत किया कि बदमाशों ने उससे तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन और 70 हजार रुपये नकद लूट लिए।

कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपितों ने कारोबारी से एक करोड़ रुपये की फिरौती की मांग भी की थी। जब कारोबारी इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थ रहा, तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद नकदी तथा सोने की चेन लेकर फरार हो गए।

शिकायत के अनुसार, कारोबारी अपने दो सहयोगियों के साथ फूलबागान स्थित एक शॉपिंग मॉल गया था। वहीं कुछ लोग सीआईडी अधिकारी बनकर पहुंचे और तलाशी के नाम पर कारोबारी को जबरन एक काले रंग की एसयूवी में बैठाकर ले गए। जब उसके सहयोगियों ने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

बताया गया है कि चलती कार में कारोबारी को बंदूक दिखाकर एक करोड़ रुपये की मांग की गई। रकम नहीं देने पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपितों को पता चला कि कारोबारी के साथियों ने पुलिस को सूचना दे दी है। इसके बाद घबराकर बदमाशों ने कारोबारी को उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में कार से बाहर फेंककर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने फूलबागान थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की पहचान के लिए फूलबागान स्थित शॉपिंग मॉल, रेड रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता