सिउड़ी में बस कर्मियों के बीच हाथापाई, एक की मौत
बीरभूम, 31 जुलाई (हि.स.)। बस छूटने के समय को लेकर दो बसों के कर्मियों के बीच विवाद में एक बस कर्मी की जान चली गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह बीरभूम जिले के सिउड़ी बस स्टैंड पर एक ही रूट के दो बसों के कर्मचारी आपस में उलझ गये। देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक आ गई। घटना के कुछ ही देर बाद एक बस कर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मृत बस कर्मी का नाम गौतम राय है। शुक्रवार को सिउड़ी बस स्टैंड से आसनसोल जाने वाली एक बस को रवाना होना था। आरोप है कि निर्धारित समय से बस के कुछ देर से छूटने पर दूसरी बस के कर्मियों के साथ गौतम राय का विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।
इसके बाद गौतम राय अपनी बस में जाकर बैठ गए। कुछ ही देर बाद चलती बस के भीतर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह तेज कांपने लगे और कुछ समय बाद बस में ही बेहोश होकर गिर पड़े। सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल सिउड़ी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

