home page

चांदमारी से कूचबिहार के लिए शुरू हुई सरकारी बस सेवा, विधानसभा अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी

 | 
चांदमारी से कूचबिहार के लिए शुरू हुई सरकारी बस सेवा, विधानसभा अध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी


कूचबिहार, 23 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के चांदमारी इलाके के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। सोमवार को चांदमारी से कूचबिहार शहर तक उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की सरकारी बस सेवा शुरू कर दी गई है। पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष एवं कूचबिहार दक्षिण के विधायक रथिंद्र बोस ने इस बस सेवा का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खुद बस में सफर किया।

बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से स्थानीय लोग चांदमारी से कूचबिहार शहर तक सरकारी बस चलाने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक रथिंद्र बोस ने एनबीएसटीसी अधिकारियों के साथ बातचीत की थी। इसके बाद सोमवार से बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया। बस सेवा शुरू होने पर इलाके के लोगों में खुशी का माहौल है।

इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष रथिंद्र बोस ने कहा कि हमारी सरकार तेजी से काम करने में विश्वास रखती है। इसी तरह जनता के काम होंगे और जल्द होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है। हमारी सरकार का संकल्प है कि लोगों तक जल्द से जल्द सुविधाएं पहुंचाई जाएं। पूरे राज्य में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है और इसी पहल के तहत हमारे क्षेत्र में भी यह सेवा शुरू की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले भी सरकारी बस सेवा शुरू करने के आश्वासन दिए गए थे, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई थी। अब बस सेवा शुरू होने से चांदमारी और आसपास के इलाकों के लोगों को कूचबिहार शहर आने-जाने में काफी मदद मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार