home page

खड़गपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री बस पलटी, कई यात्री घायल

 | 
खड़गपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्री बस पलटी, कई यात्री घायल


खड़गपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर-बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-16 पर खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के काजला इलाके में सोमवार को एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में बस में सवार अनेक यात्री घायल हो गए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बस मेदिनीपुर से यात्रियों को लेकर बेलदा की ओर जा रही थी। खड़गपुर लोकल थाना क्षेत्र के काजला पहुंचते ही चालक अचानक बस से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही खड़गपुर लोकल थाना की पुलिस तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और उनके प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को खड़गपुर महकमा अस्पताल तथा मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। खड़गपुर लोकल थाना की पुलिस ने घटना की जांच प्रारंभ कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता