राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस एवं लॉरी की टक्कर, 25 से ज्यादा घायल
सिलीगुड़ी, 08 मई (हि.स.)। फांसीदेवा क्षेत्र में एक भयावह सड़क हादसा शुक्रवार को सामने आया है। घोषपुकुर स्थित 27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सरकारी यात्री बस और एक मालवाहक लॉरी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक समेत कुल 25 यात्री घायल हो गए, वहीं लॉरी के चालक और सहचालक भी जख्मी हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, बस इस्लामपुर से सिलीगुड़ी की ओर आ रही थी, तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लॉरी के चढ़ने के दौरान यह दुर्घटना हुई।
इस हादसे में बस चालक समेत कुल 25 यात्री घायल हो गए, वहीं लॉरी के चालक और सहचालक भी जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दुर्घटना के दौरान लॉरी का चालक वाहन में फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों को बाद में उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर किया गया है। घोषपुकुर चौकी की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और लॉरी को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

