home page

कोलकाता में बस यात्रा 4.0 का आयोजन, महिला परिचालकों के योगदान को मिला सम्मान

 | 
कोलकाता में बस यात्रा 4.0 का आयोजन, महिला परिचालकों के योगदान को मिला सम्मान


कोलकाता, 02 अक्टूबर (हि. स.)। कोलकाता बस-ओ-पेडिया फाउंडेशन ने शुक्रवार को बस यात्रा 4.0 का आयोजन किया। कार्यक्रम में कोलकाता की बस परिवहन व्यवस्था की विरासत को याद करने के साथ सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन विभाग के प्रभारी मंत्री अर्जुन सिंह ने किया।

कोलकाता बस-ओ-पेडिया फाउंडेशन की स्थापना 2018 में हुई थी। संस्था कोलकाता की बस परिवहन व्यवस्था के इतिहास और विरासत को सहेजने तथा लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही है। वर्ष 2023 से संस्था की ओर से हर साल बस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसमें परिवहन से जुड़े लोगों, बस संचालकों, यात्रियों और अन्य लोगों को शामिल किया जाता है।

इस वर्ष के कार्यक्रम में बस परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी) की पांच महिला परिचालकों के साथ निजी बस संचालकों से जुड़ी महिला प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उनके कार्य और योगदान को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से महिलाओं के लिए निशुल्क बस परिवहन शुरू करने की पहल को भी प्रदर्शित किया गया। फाउंडेशन के अनुसार, यह पहल महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुलभ बनाने और उनकी आवाजाही को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रूट संख्या 57 और 52 की बसों में लगाई गई विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं की भूमिका और सार्वजनिक परिवहन में उनकी भागीदारी को दर्शाया गया।

फाउंडेशन ने कहा कि बस यात्रा 4.0 के माध्यम से कोलकाता की बसों से जुड़ी महिलाओं की कहानियों और उनके योगदान को सामने लाने का प्रयास किया गया। साथ ही सार्वजनिक परिवहन को अधिक समावेशी बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया गया।

फाउंडेशन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह, पश्चिम बंगाल सरकार के परिवहन विभाग, पश्चिम बंगाल परिवहन निगम, कोलकाता पुलिस और हावड़ा सिटी पुलिस के प्रति आभार जताया। निजी बस संचालकों, महिला परिचालकों, परिवहन कर्मचारियों और स्वयंसेवकों का भी सहयोग के लिए धन्यवाद किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता