home page

बरातियों से भरी बस में अचानक लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

 | 

हुगली, 17 जुलाई (हि.स.)। हुगली जिले के खानाकुल से गोघाट जा रही बरातियों से भरी एक बस में शुक्रवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस से अचानक तेज आवाज आने के बाद घना धुआं निकलने लगा, जिससे बस में सवार बराती घबरा गए और तुरंत बस से नीचे उतर गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, बरातियों से भरी बस खानाकुल के घोलदिगोरुई गांव से गोघाट के अनूड़ गांव में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में गोघाट थाना क्षेत्र के पचाखाली इलाके में बस से अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज आई, जिसके तुरंत बाद इंजन की ओर से घना धुआं निकलने लगा।

स्थिति को भांपते हुए चालक ने बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही गोघाट थाना प्रभारी (ओसी) सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक अनुमान है कि बस के मोबिल (लुब्रिकेंट) चेंबर के फटने के कारण यह घटना हुई, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने बताया कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। समय रहते सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय