चलती बस में बिगड़ी चालक की तबीयत, मौत
मेदिनीपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम मिदनापुर जिले के चंद्रकोणा के कालिकापुर क्षेत्र में शनिवार को चलती बस के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। चालक के बेहोश होने के बाद बस सड़क किनारे एक दोमंजिला मकान की दीवार से टकराकर रुक गई। इस घटना में बस में सवार यात्री सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, बस करीब 25 यात्रियों को लेकर चंद्रकोणा की ओर जा रही थी। रास्ते में चालक को अचानक दिल का दौरा पड़ने की आशंका है, जिससे वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क से हटकर मकान की दीवार से टकरा गई।
यात्रियों ने तुरंत चालक को बाहर निकालकर चंद्रकोणा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत चालक की पहचान सैफुल खान (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

