बड़ाबाजार के गोदाम में भीषण आग, चार घंटे बाद पाया गया नियंत्रण
कोलकाता, 05 अगस्त (हि. स.)। कोलकाता के बड़ाबाजार क्षेत्र स्थित पंडित पुरुषोत्तम राय स्ट्रीट में बुधवार तड़के प्लास्टिक शीट के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग सुबह लगभग चार बजे दिखाई दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लगभग चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह आठ बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया। इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़के गोदाम से धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। प्लास्टिक से संबंधित सामग्री बड़ी मात्रा में रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे उसे नियंत्रित करने में दमकलकर्मियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक कदम उठाए। आग आसपास की दुकानों और मकानों तक न फैले, इसके लिए क्षेत्र की घेराबंदी की गई।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। गोदाम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

