home page

आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत, एक घायल

 | 
आकाशीय बिजली गिरने से किशोर की मौत, एक घायल


कोलकाता, 16 मई (हि. स.)। आसनसोल के हीरापुर थाना अंतर्गत रिवरसाइड फुटबॉल मैदान में शनिवार को तेज बारिश के दौरान फुटबॉल खेल रहे दो किशोर मद इमरान 17 साल और शेख हयांन 16 साल अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे एक 16 वर्षीय लड़के की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान शेख अयान (16) के रूप में हुई है, जो धर्मपुर का निवासी था।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों किशोर बारिश के दौरान मैदान में फुटबॉल खेल रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जन के साथ बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना की सूचना पाकर अग्निमित्रा पाल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हिम्मत बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और वह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं। साथ ही, उन्होंने हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों में खेलने या रहने को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा