विश्व वरिष्ठ नागरिक प्रताड़ना जागरूकता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के तत्वावधान में विश्व वरिष्ठ नागरिक प्रताड़ना जागरूकता दिवस के अवसर पर सोमवार को भारती भवन, बर्नपुर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा तथा उनके प्रति होने वाले किसी भी प्रकार के शोषण एवं प्रताड़ना के खिलाफ समाज में जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम, विधायक विजन मुखर्जी, पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, डीएल एस ए सचिव आम्रपाली चक्रवर्ती, सीएमओएच मोहम्मद शेख यूनुस, प्रदीप्तो बनर्जी, सना अख्तर सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव, ज्ञान एवं जीवन मूल्यों से समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा उनके प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, समाजसेवी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

