home page

बर्नपुर रिवरसाइड का रास्ता बंद किए जाने पर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

 | 
बर्नपुर रिवरसाइड का रास्ता बंद किए जाने पर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन


आसनसोल, 15 सितंबर (हि.स.)।

बर्नपुर रिवरसाइड स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी और नवाघंटी के बीच संपर्क मार्ग को सेल के आईएसपी नगर सेवा विभाग की ओर से बंद किए जाने के विरोध में मंगलवार सुबह से स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि जब तक रास्ते में बने गड्ढे को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक बंद किए गए गेट को खोलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रदर्शन के कारण मौके पर काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता गौरव बनर्जी और प्रदेश कमेटी के नेता पवन सिंह भी मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा आईएसपी के नगर सेवा विभाग के अधिकारियों से भी बात की। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि वह आईएसपी प्रबंधन के अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास करेगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नवाघंटी और काला झरिया रोड को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग ऑफिसर्स कॉलोनी के भीतर से होकर गुजरता है। नगर सेवा विभाग की ओर से समय-समय पर इस रास्ते को बंद कर दिया जाता है, जिससे आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती है। उनका कहना है कि यह मार्ग मुख्य सड़क की लंबी दूरी को काफी कम कर देता है। रिवरसाइड रोड होकर मुख्य सड़क से काला झरिया रोड जाने पर करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि नवाघंटी और काला झरिया के बीच इस संपर्क मार्ग से दूरी आधे किलोमीटर से भी कम रह जाती है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि पहले आईएसपी नगर सेवा विभाग की ओर से आसपास के लोगों को भी इस रास्ते का इस्तेमाल करने की अनुमति थी। उनका कहना है कि रास्ता बंद होने से रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी बढ़ गई है।

वहीं, ऑफिसर्स कॉलोनी के निवासियों की अलग शिकायत है। उनका कहना है कि रास्ता खुला रहने से कॉलोनी क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है और कई बार असामाजिक व अराजक तत्वों का जमावड़ा भी लग जाता है, जिससे कॉलोनीवासियों को परेशानी होती है। इसी वजह से कॉलोनी के लोगों की ओर से रास्ते को नियंत्रित रखने की मांग की जा रही है।

मामले को लेकर पवन सिंह और भाजपा नेता गौरव बनर्जी ने आईएसपी नगर सेवा विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया कि स्थानीय लोगों की समस्याओं और कॉलोनीवासियों की आपत्तियों पर विचार कर इस मुद्दे का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल स्थानीय लोग रास्ते में बने गड्ढे को भरने और आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा