रामनवमी पर बर्नपुर में निकली भव्य शोभायात्रा, 14 अखाड़ा समितियों ने लिया हिस्सा
आसनसोल, 28 मार्च (हि. स.)। बर्नपुर में शनिवार को रामनवमी के पावन अवसर पर शिव स्थान सेंट्रल अखाड़ा कमेटी के नेतृत्व में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस आयोजन में क्षेत्र की धार्मिक आस्था और उत्साह साफ देखने को मिला।
शोभायात्रा का नेतृत्व सेंट्रल अखाड़ा कमेटी के अध्यक्ष गौरीशंकर सिंह और टेबल कमेटी के पदाधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने किया। इस दौरान बानपुर की लगभग 14 अखाड़ा समितियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट के अनुसार शोभायात्रा बारी मैदान, हीरापुर थाना, बस स्टैंड और त्रिवेणी मोड़ होते हुए वापस शिव स्थान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली।
विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। प्रशासन के निर्देशानुसार शोभायात्रा में किसी भी प्रकार के हथियार के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
इस धार्मिक आयोजन में राजनीतिक हस्तियों की भी उपस्थिति रही। आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तापस बनर्जी ने भी शोभायात्रा में भाग लिया। इसके अलावा तृणमूल ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेंदु चौधरी, माइनॉरिटी सेल के सम हसन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

