home page

बर्नपुर के त्रिवेणी मोड़ पर डंपर की टक्कर से रेलवे ब्रिज के लेवल पोल का हिस्सा टूटा

 | 
बर्नपुर के त्रिवेणी मोड़ पर डंपर की टक्कर से रेलवे ब्रिज के लेवल पोल का हिस्सा टूटा


आसनसोल , 27 नवंबर (हि.स.)।

बर्नपुर के त्रिवेणी मोड़ स्थित रेलवे ब्रिज के पास एक डंपर की टक्कर से ब्रिज के सामने स्थित क्रासिंग पिलर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिलर का एक हिस्सा टूटकर गिर गया। घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई और रेलवे ब्रिज की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि घटना 12:30 बजे की है जब स्कोप गेट की तरफ से त्रिवेणी मोड की ओर आ रहे एक डंपर इतनी तेज गति में आ रहा था कि वह लेवल क्रॉसिंग के ऊंचाई का अंदाजा नहीं लग सका और सीधे निकालने की कोशिश में क्रॉसिंग को जोरदार टक्कर मार दिया जिस कारण क्रॉसिंग के दाहिने तरफ का पोल डंपर पर ही गिर गया और डंपर वही फस गया।

ब्रिज के पिलर के ऊपरी हिस्से से डंपर के टकराने के कारण यह क्षति हुई। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई और डंपर की ऊंचाई अथवा भार निर्धारित सीमा से अधिक था या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना ने ब्रिज के नीचे से भारी वाहनों की आवाजाही, वाहनों की ऊंचाई को लेकर निर्धारित प्रतिबंध और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना के बाद क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल जांच जरूरी है, ताकि ब्रिज की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम न रहे।

स्थानीय लोगों ने रेलवे अधिकारियों और प्रशासन से घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण करने, क्षतिग्रस्त पिलर की तकनीकी जांच कराने तथा भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। अब देखना होगा कि रेलवे और स्थानीय प्रशासन इस घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर क्या कदम उठाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा