बर्नपुर में कांग्रेस कार्यालय पर चला बुलडोजर, 40 साल पुराने दफ्तर को नगर सेवा विभाग ने किया ध्वस्त
पश्चिम बर्दवान, 29 मई (हि. स.)। बर्नपुर के अपर रोड इलाके में स्थित कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर शुक्रवार को नगर सेवा विभाग की ओर से बुलडोजर चलाया गया। विभाग का कहना है कि उक्त पार्टी कार्यालय उनकी जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था और इसके लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी।
जानकारी के अनुसार, बर्नपुर वार्ड संख्या 78 अंतर्गत बाटा मोड़ के समीप स्थित स्थानीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय को नगर सेवा विभाग की टीम ने तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि सेल आईएसपी के स्टेट विभाग की ओर से अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पहले भी कई तृणमूल कांग्रेस कार्यालयों को बुलडोजर से तोड़ा गया था।
नगर सेवा विभाग का दावा है कि कांग्रेस कार्यालय को हटाने के लिए कई दिन पूर्व नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कांग्रेस की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद शुक्रवार को प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया।
हालांकि, कांग्रेस कार्यालय के सामने स्थित शहीद बेदी को नहीं तोड़ा गया। बताया गया कि कांग्रेस नेताओं ने प्रबंधन से शहीद बेदी को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम नारायण सिंह ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद बुलडोजर की राजनीति शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह कार्यालय करीब 40 वर्षों पुराना था और 34 साल के वाम शासन तथा 15 साल के तृणमूल शासनकाल में कभी इसे नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा की सरकार बनने के बाद लगातार बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। प्रेम नारायण सिंह ने यह भी कहा कि शहीद बेदी को भी तोड़ने की बात कही जा रही थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं के अनुरोध पर उसे बचा लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

