बर्नपुर-हीरापुर में बनेगा विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क,
पश्चिम बर्दवान, 12 अगस्त (हि.स.)।
पश्चिम बर्दवान के बर्नपुर-हीरापुर इलाके में विश्वस्तरीय “प्लग एंड प्ले” औद्योगिक पार्क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। भारत सरकार की भव्य योजना के तहत हीरापुर में 148.6 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इसके अलावा नदिया जिले के धुबुलिया में 118.5 एकड़ जमीन पर भी औद्योगिक पार्क विकसित करने की योजना है।
इन औद्योगिक पार्कों में निवेशकों को उद्योग स्थापित करने के लिए बिजली, पानी, सड़क और अन्य जरूरी बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे कंपनियों को कम समय में अपना उद्योग शुरू करने में मदद मिलेगी और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
राज्य सरकार अगस्त के अंतिम सप्ताह में नई औद्योगिक नीति लाने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि नई नीति और औद्योगिक पार्कों के विकास से पश्चिम बंगाल में औद्योगिक निवेश को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
बर्नपुर के लिए इसे एक महत्वपूर्ण औद्योगिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। बताया गया है कि हीरापुर स्थित ढाकेश्वरी कॉटन मिल की करीब 148 एकड़ जमीन पर औद्योगिक पार्क विकसित करने की मंजूरी मिली है।
पश्चिम बर्दवान जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन गुटगुटिया ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि बर्नपुर को बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास का अवसर मिला है। उनके अनुसार, नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बर्नपुर में स्टील प्लांट के आधुनिकीकरण, दामोदर नदी पर नए पुल और फ्लाईओवर की घोषणा के बाद औद्योगिक पार्क की मंजूरी विकास की एक और बड़ी कड़ी है। स्टील प्लांट, पुल, फ्लाईओवर और औद्योगिक पार्क के साथ बर्नपुर के दोबारा एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है।
पश्चिम बर्दवान जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से इस पहल के लिए राज्य सरकार और मंत्री अग्निमित्रा पाल के प्रति आभार जताया गया है। स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों को उम्मीद है कि औद्योगिक पार्क के विकास से बर्नपुर में निवेश और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

