home page

बर्नपुर बाजार में ईबी की जांच से मचा हड़कंप, कई दुकानदारों ने आनन-फानन में लगाए मूल्य सूची

 | 
बर्नपुर बाजार में ईबी की जांच से मचा हड़कंप, कई दुकानदारों ने आनन-फानन में लगाए मूल्य सूची


पश्चिम बर्दवान, 11 सितंबर (हि. स.)। बर्नपुर डेली बाजार में वस्तुओं की कीमतों को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच शुक्रवार को ईबी की टीम ने बर्नपुर बाजार में जांच अभियान चलाया। कोलकाता और आसनसोल से पहुंची टीम को बाजार में जांच करते देख कई दुकानदारों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। खबर फैलते ही कुछ ठेले-खोमचे बंद कर दिए गए, जबकि कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानों के सामने मूल्य सूची लगाना शुरू कर दिया।

जांच की शुरुआत सब्जी बाजार से हुई। इसके बाद टीम ने मांस और फल बाजार में भी दुकानों पर जाकर कीमतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने दुकानदारों से अलग-अलग सामान के खरीद और बिक्री मूल्य के संबंध में पूछताछ की। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर थोक और खुदरा कीमतों में 15 से 20 रुपये तक का अंतर पाए जाने की बात सामने आई।

अभियान के दौरान टीम ने दुकानों पर मूल्य सूची की स्थिति भी देखी। बताया गया कि बाजार की बड़ी संख्या में दुकानों पर रेट बोर्ड नहीं लगे थे। कई दुकानदार ग्राहकों को सामान की कीमत मौखिक रूप से बता रहे थे। जांच में एक दुकान पर थोक में करीब 10 रुपये कीमत वाले आलू को 15 रुपये तक बेचने की बात भी सामने आई।

ईबी की कार्रवाई की खबर बाजार में फैलने के बाद दुकानदारों के बीच चर्चा तेज हो गई। फल विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों ने भी अधिकारियों के समक्ष अपनी सफाई रखी। एक फल विक्रेता ने कहा कि उन्हें अभियान की जानकारी नहीं थी और बाजार में जिस कीमत पर माल मिलता है, उसी के आधार पर बिक्री की जाती है।

ईबी अधिकारियों के अनुसार, बर्नपुर बाजार में सब्जी और मांस सहित कई आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर बाजार में वास्तविक बिक्री मूल्य और दुकानों में प्रदर्शित दरों की जांच की गई। अधिकारियों ने कहा कि जांच के दौरान दर्ज की गई कीमतों और सामने आई अनियमितताओं की समीक्षा की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया जा सकता है।

करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में कोलकाता और आसनसोल से आए ईबी के अधिकारी शामिल रहे। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा