मंत्रीपाड़ा के पास पांच घरों में चोरी, चार को गिरफ्तार
बर्दवान, 20 सितंबर (हि. स.)। बर्दवान के उल्लास उपनगरी में उद्योग राज्य मंत्री के घर के पास एक ही रात में लगातार पांच घरों में हुई चोरी के मामले में बर्दवान थाना पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरेंद्र पावर, मित आदिवासी, दीपक कुमार और विकास कारे के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि चारों बिहार के भागलपुर जिले के हनुमान चौक थाना क्षेत्र के दोंलगड़िया फाटक इलाके के निवासी हैं। रविवार को चारों आरोपितों को बर्दवान जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने जांच के लिए अदालत से आठ दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि घटना 15 सितंबर की भोर की बताई जा रही है। उल्लास उपनगरी के नंबर 2 गेट के आसपास एक के बाद एक कई घरों को चोरों ने निशाना बनाया। बताया गया है कि कुछ परिवार इलाज के लिए और कुछ लोग घूमने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। यहां तक कि एक घर की ऊपरी मंजिल पर परिवार के सदस्य मौजूद थे, जबकि चोर नीचे की मंजिल में घुसकर चोरी कर ले गए।
आरोप है कि दो घरों से करीब 50 हजार रुपये नकद और बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण चोरी किए गए। लगातार कई घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद पूरे उपनगरीय इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद आवासीय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिसर में सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे मौजूद होने के बावजूद अज्ञात लोग अंदर घुसकर लगातार घरों में चोरी करने में कैसे सफल रहे, यह बड़ा सवाल है।
घटना की सूचना पाकर पुलिस ने प्रभावित घरों का जायजा लेने के साथ पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है। जांचकर्ताओं को संदेह है कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

