home page

चुनाव 26 : बुलेट और ट्रैक्टर पर सवार होकर भाजपा उम्मीदवार का प्रचार

 | 
चुनाव 26 : बुलेट और ट्रैक्टर पर सवार होकर भाजपा उम्मीदवार का प्रचार


चुनाव 26 : बुलेट और ट्रैक्टर पर सवार होकर भाजपा उम्मीदवार का प्रचार


पश्चिम मेदिनीपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की सरगर्मी बढ़ने के साथ ही केशियाड़ी क्षेत्र में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता जा रहा है। मतदाताओं का ध्यान खींचने के लिए उम्मीदवार भी अलग-अलग अंदाज़ में प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को केशियाड़ी विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भद्र हेमरम ने अपने अनोखे बल्कि ‘फिल्मी’ अंदाज़ वाले प्रचार किया जो इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

दांतन-एक ब्लॉक के आलिकषा पंचायत अंतर्गत तालदा और चारदा गांवों में प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार ने पारंपरिक जनसंपर्क के बजाय अलग ही शैली अपनाई। प्रचार की शुरुआत उन्होंने आदिवासी समाज के पवित्र स्थल जाहेर थान में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेने से की। इसके बाद गांवों में जनसंपर्क के दौरान कभी वे बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर गलियों में घूमते नजर आए, तो कभी सजे-धजे ट्रैक्टर के बोनट पर बैठकर लोगों से समर्थन मांगते दिखे। उनके पीछे सैकड़ों बाइक सवार कार्यकर्ताओं का काफिला चल रहा था, जिससे माहौल किसी फिल्मी दृश्य जैसा बन गया।

स्थानीय लोगों के बीच इस अंदाज़ को लेकर काफी उत्सुकता देखी गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे गांव-गांव में चुनावी माहौल और भी गर्म हो गया है।

पत्रकारों द्वारा मुखातिब भद्र हेमरम ने कहा कि वह किसान परिवार से आते हैं, इसलिए खेती और कृषि उपकरणों से उनका स्वाभाविक जुड़ाव है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में आए कालबैशाखी तूफान से प्रभावित किसानों की समस्याओं को सुनना और उनके बीच जाना उनकी प्राथमिकता है।

इधर केशियाड़ी में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच मुकाबला पहले से ही कड़ा माना जा रहा है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी का यह अनोखा प्रचार अभियान चुनावी मुकाबले को और अधिक रोचक बना रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता