home page

चांचल में भाजपा का विजय जुलूस, बुलडोजर बना आकर्षण का केंद्र

 | 
चांचल में भाजपा का विजय जुलूस, बुलडोजर बना आकर्षण का केंद्र


मालदा, 05 मई (हि. स.)। जिले के चांचल में मंगलवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से रंगारंग विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों, भगवा अबीर, पार्टी के झंडों और नारों से पूरा शहर गूंज उठा। “जय श्री राम” के नारों के बीच कार्यकर्ता उत्साह में झूमते नजर आए।

इस जुलूस की सबसे खास बात रही दो बुलडोजर, जिन पर सवार होकर कार्यकर्ता जश्न मनाते दिखे। शहर के प्रमुख रास्तों और चौराहों से गुजरते हुए जुलूस में जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे फोड़े गए।

दिलचस्प बात यह है कि चांचल विधानसभा सीट पर भाजपा को जीत नहीं मिली है। चुनाव आयोग के अनुसार, तृणमूल के उम्मीदवार प्रसून बनर्जी ने भाजपा के रतन दास को 63 हजार 874 वोटों से हराया।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा उम्मीदवार रतन दास ने कहा कि यह परिणाम जनता के फैसले को दर्शाता है।

उन्होंने दावा किया कि भले ही चांचल में जीत नहीं मिली, लेकिन राज्य में भाजपा के प्रदर्शन से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। लंबे समय से तृणमूल का दबाव और राजनीतिक माहौल बना हुआ था, लेकिन अब लोग बदलाव चाहते है। इसी का प्रतीकात्मक रूप दिखाने के लिए बुलडोजर के साथ विजय जुलूस निकाला गया।

इस जुलूस को लेकर स्थानीय लोगों में भी काफी उत्सुकता देखने को मिली और यह चर्चा का विषय बन गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार