home page

कोलकाता के कसबा में बिरयानी कंपनी के गोदाम पर चल सकता है बुलडोजर, दिलीप घोष ने दी चेतावनी

 | 
कोलकाता के कसबा में बिरयानी कंपनी के गोदाम पर चल सकता है बुलडोजर, दिलीप घोष ने दी चेतावनी


कोलकाता, 12 नवंबर (हि. स.)। कोलकाता के कसबा इलाके के टैगोर पार्क में मंदिर की जमीन पर कथित कब्जा कर एक प्रसिद्ध बिरयानी कंपनी का गोदाम बनाने का आरोप लगा है। इस मामले में पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कड़ा रुख अपनाते हुए अवैध कब्जा हटाने के लिए बुलडोजर चलाने की बात कही है।

गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में दिलीप घोष ने कहा कि मंदिर हो या कोई अन्य स्थान, किसी को भी जमीन पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। जहां भी इस तरह का कब्जा हुआ है, उसे मुक्त कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह के सभी अवैध कब्जे हटाए जाने चाहिए। जमीन पर कब्जा करके कुछ बनाया गया है तो उसे मुक्त कराया जाएगा। इसके लिए बुलडोजर चलना चाहिए।

बताया जा रहा है कि कसबा के टैगोर पार्क में एक मंदिर की जमीन पर कब्जा कर बिरयानी कंपनी के गोदाम का विस्तार करने का आरोप है। इससे पहले भी इस कंपनी पर जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण के आरोप लग चुके हैं। इस साल अप्रैल-मई में पार्क स्ट्रीट स्थित कंपनी के एक रेस्तरां में अवैध निर्माण का मामला सामने आया था। उस समय कोलकाता नगर निगम ने अवैध हिस्से को तोड़ दिया था। अब कसबा स्थित गोदाम को लेकर दिलीप घोष ने बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के सामने भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। आवास के सामने फुटपाथ पर बने अवैध अस्थायी निर्माण को तोड़ा गया। वहां लगा गेट भी हटा दिया गया। इसके अलावा घर के पास स्थित एक शहीद वेदी को भी तोड़ दिया गया।

इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने कहा कि केवल अभिषेक बनर्जी ही नहीं, बल्कि फुटपाथ पर जहां भी कब्जा किया गया है, वहां ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोलकाता में पहले से ही सड़कों और जगह की कमी है। लोगों के पैदल चलने के लिए भी पर्याप्त स्थान नहीं है, जबकि वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसलिए सभी फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान अतिक्रमण से मुक्त होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई प्रभावशाली लोगों से शुरू हुई है। इससे पहले भी एक प्रभावशाली विधायक के कार्यालय पर बुलडोजर चलाया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता