home page

भूपतिनगर में सांढ़ का तांडव, सात घायल

 | 
भूपतिनगर में सांढ़ का तांडव, सात घायल


मेदिनीपुर, 13 अगस्त (हिस.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर थाना क्षेत्र के इटाबेड़िया इलाके में बुधवार रात को एक उन्मत्त सांढ़ के तांडव से व्यापक आतंक फैल गया। सांढ़ के हमले में कम से कम सात लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को तमलुक स्थित एक निजी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानकणसांढ़ ने इलाके में तांडव शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने कई लोगों पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सांढ़ के हमले में कई लोगों के घायल होने के बाद स्थानीय लोग भयभीत हो गए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अंततः कुछ ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए सांढ़ को काबू करने का प्रयास शुरू किया। काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने सांढ़ को एक पेड़ से बांधकर नियंत्रित करने में सफलता हासिल की।

स्थानीय भूपतिनगर थाना और प्रखंड पशु स्वास्थ्य अधिकारी की ओर से हालांकि हरसंभव सहयोग किया गया। स्थानीय विधायक से भी संपर्क कर वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता