home page

दुर्गापुर के बुदबुद पंचायत के उपप्रधान रुद्रप्रसाद कुंडू उर्फ मना कुंडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

 | 
दुर्गापुर के बुदबुद पंचायत के उपप्रधान रुद्रप्रसाद कुंडू उर्फ मना कुंडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत


कोलकाता, 14 मई (हि.स.)।

दुर्गापुर में बुदबुद ग्राम पंचायत के उपप्रधान रुद्रप्रसाद कुंडू उर्फ मना कुंडू को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। बुधवार रात बुदबुद थाना पुलिस ने आरोपी तृणमूल नेता को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को उन्हें दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायाधीश ने उन्हें 14 दिनों की जेल हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

अदालत में पेशी के दौरान रुद्रप्रसाद कुंडू ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए खुद को राजनीतिक साजिश का शिकार बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है।

बता दें कि बुदबुद ग्राम पंचायत के उपप्रधान रुद्रप्रसाद कुंडू उर्फ मना कुंडू पर पहले भी तृणमूल शासन के दौरान डराने-धमकाने और दबंगई से जुड़े कई आरोप लगते रहे हैं। उनके नाम को लेकर कई बार तृणमूल नेतृत्व को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था।

राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद एक बार फिर उनके खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। बुदबुद थाना पुलिस ने एक विशेष शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और मामले को लेकर चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा