बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोदाम से मिले थे 19,600 बोतल कफ सिरप
कोलकाता, 21 नवंबर (हि.स.)।
प्रतिबंधित कफ सिरप की तस्करी के बड़े मामले में आखिरकार पुलिस को सफलता मिली है। बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये मूल्य की 19,600 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोमेन मोल्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। बशीरहाट जिला पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और हासनाबाद थाने की पुलिस ने शुक्रवार रात गुप्त सूचना के आधार पर उसे उसके गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया।
शनिवार को आरोपी को पुलिस हिरासत की मांग के साथ बशीरहाट महकमा अदालत में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले रविवार रात बीएसएफ और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर हासनाबाद थाना क्षेत्र के मुरारिशाह बकुलतला इलाके में स्थित एक गोदाम में छापेमारी की थी। इस दौरान गोदाम से प्रतिबंधित कफ सिरप की कुल 19,600 बोतलें बरामद की गई थीं। बरामद सिरप का बाजार मूल्य करोड़ों रुपये बताया जा रहा है। इस मामले में गोदाम और बरामद प्रतिबंधित कफ सिरप का कथित मालिक मोमेन मोल्ला कार्रवाई के दौरान फरार हो गया था। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही थी।
कई दिनों तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहने के बाद आखिरकार गुप्त सूचना के आधार पर एसओजी और हासनाबाद थाने की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और प्रतिबंधित कफ सिरप की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने की कोशिश करेगी।
इस बीच, भाजपा ने इस मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा के बशीरहाट जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र साहा ने आरोप लगाया है कि मोमेन मोल्ला लंबे समय से तृणमूल नेताओं के कथित संरक्षण में विभिन्न तस्करी गिरोहों से जुड़ा हुआ था। हालांकि, यह भाजपा नेता का आरोप है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक तौर पर सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

