home page

मालदा में बीएसएफ की सतर्कता से बची 10 जानें

 | 
मालदा में बीएसएफ की सतर्कता से बची 10 जानें


मालदा, 14 सितंबर (हि. स.)। जिले में बीएसएफ के जवानों ने साहस, तत्परता और मानवता का परिचय देते हुए गंगा नदी में डूब रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को सुरक्षित बचा लिया। घटना मालदा के खान्दुआ सीमा चौकी के पास की है। बचाए गए लोगों में तीन बच्चे, तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।

मालदा सेक्टर मुख्यालय के अंतर्गत 71वीं बटालियन के जवानों ने नदी में लोगों को डूबते हुए देखा तो तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। जवानों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

रेसक्यू किए गए लोगों में 30 दिन का एक नवजात शिशु भी था, जिसकी हालत बेहद गंभीर थी। बीएसएफ जवानों ने बिना समय गंवाए बच्चे को प्राथमिक उपचार दिया और उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने के बाद बच्चे की हालत में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से सुरक्षित छुट्टी दे दी गई।

बचाए गए सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों के संबंध में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के हवाले कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में बीएसएफ जवानों की सतर्कता के साथ-साथ उनकी मानवीय संवेदनशीलता भी देखने को मिली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा