home page

स्वरूपनगर सीमा पर अवैध घुसपैठ, दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत सेना का जवान गिरफ्तार

 | 
स्वरूपनगर सीमा पर अवैध घुसपैठ, दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत सेना का जवान गिरफ्तार


कोलकाता, 22 सितंबर (हि.स.)।उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर सीमा पर दो बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध तरीके से भारत में प्रवेश कराने के आरोप में पुलिस ने एक सेना के जवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया है।

घटना बसीरहाट के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र के बिथारी-हाकिमपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत भारत-बांग्लादेश सीमा के दहरकांदा इलाके की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात बांग्लादेश से तारबंदी पार कर दो लोग भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों की नजर उन पर पड़ने के बाद दोनों को हिरासत में लिया गया और स्वरूपनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बांग्लादेश के गोपालगंज निवासी जय बारुई और बैशाखी बारुई को कथित तौर पर अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत में प्रवेश कराने में गौतम अधिकारी नामक जवान की भूमिका रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गौतम अधिकारी भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में जोधपुर में तैनात हैं। उनका घर हुगली जिले के मगरा इलाके में बताया गया है।

अवैध सीमा पार कराने और बांग्लादेशी नागरिकों को भारत में प्रवेश कराने में मदद करने के आरोप में पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस यह जांच कर रही है कि इस पूरे मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह या अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

गिरफ्तार तीनों आरोपितों को मंगलवार को बसीरहाट अदालत में पेश किया गया। सीमा पार कराने के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय