home page

गेदे सीमा पर बीएसएफ कैंप में 80वां स्वतंत्रता दिवस का आयोजन

 | 
गेदे सीमा पर बीएसएफ कैंप में 80वां स्वतंत्रता दिवस का आयोजन


नदिया, 15 अगस्त (हि. स.)। देशभर के साथ नदिया जिले के गेदे भारत-बांग्लादेश सीमा पर भी 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बीएसएफ की 32वीं बटालियन के कैंप परिसर में दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुबह से ही कार्यक्रम को लेकर कैंप परिसर में आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग सीमा क्षेत्र के इस विशेष कार्यक्रम को देखने गेदे पहुंचे।

राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। 32वीं बटालियन के सीओ सुजीत कुमार ने कैंप परिसर में तिरंगा फहराया। इसके बाद बीएसएफ की ओर से हथियारों की प्रदर्शनी और विशेष डॉग शो का आयोजन किया गया। सीमा सुरक्षा बल के प्रशिक्षित कुत्तों द्वारा विभिन्न करतब और कौशल का प्रदर्शन लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत और नृत्य रहा। छोटे बच्चों से लेकर आम लोगों तक सभी स्वतंत्रता दिवस के उत्साह और देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।

बीएएफ कैंप में आम लोगों का प्रवेश हमेशा संभव नहीं होता। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैंप के दरवाजे आम लोगों के लिए खोले जाने को लेकर लोगों में खास उत्साह रहा। कार्यक्रम में हजारों लोगों की भीड़ जुटने से पूरा कैंप परिसर उत्सव के माहौल में बदल गया। वहीं, भारत-बांग्लादेश सीमा के जीरो प्वाइंट के पास पहुंचकर भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के प्रति सम्मान को याद किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा