जमीन के दस्तावेज की प्रमाणित प्रति देने के नाम पर मांगी रिश्वत, रिकॉर्ड कीपर गिरफ्तार
बीरभूम, 18 नवंबर (हि. स.)। जिले के सूरी स्थित जिला पंजीकरण कार्यालय में भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए एक रिकॉर्ड कीपर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपित कर्मचारी की पहचान कार्यालय में कार्यरत अपर श्रेणी लिपिक (यूडीसी) के रूप में हुई है।
एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपित कर्मचारी ने एक शिकायतकर्ता से जमीन के दस्तावेज (डीड) की प्रमाणित प्रति जारी कराने में सहायता करने के नाम पर एक हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने पर एसीबी, पश्चिम बंगाल की टीम ने बुधवार को जिला पंजीकरण कार्यालय, सूरी में जाल बिछाया। इस दौरान आरोपित कर्मचारी को शिकायतकर्ता से एक हजार रुपये की अवैध राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
मामले में आरोपित लोकसेवक के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

