रिश्वत लेते डब्ल्यूबीएसआरडीए का सब-असिस्टेंट इंजीनियर गिरफ्तार
कोलकाता, 06 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने मंगलवार को हुगली जिले में कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल स्टेट रूरल डेवलपमेंट एजेंसी (डब्ल्यूबीएसआरडीए) के एक सब-असिस्टेंट इंजीनियर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
एसीबी के अनुसार, एक सरकारी ठेकेदार ने शिकायत की थी कि सरकारी निर्माण कार्य से संबंधित जमा की गई जमानत राशि (अर्नेस्ट मनी) वापस करने के एवज में उससे रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत के आधार पर एसीबी ने मंगलवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की।
शिकायतकर्ता को पंचायत परियोजना के तहत करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण का काम मिला था। इसका कार्यादेश वर्ष 2023 में जारी हुआ था और काम 2025 के अंत तक पूरा हो गया था। इसके बाद ठेकेदार ने निविदा के दौरान जमा की गई अर्नेस्ट मनी वापस करने के लिए आवेदन किया था। एसीबी ने चिनसुराह स्थित जिला परिषद कार्यालय में जाल बिछाया। इसी दौरान डब्ल्यूबीएसआरडीए, हुगली के सब-असिस्टेंट इंजीनियर को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। रिश्वत की रकम भी उसके कब्जे से बरामद कर ली गई।
आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

