मुख्यमंत्री के हेलीपैड की सुरक्षा में सेंध, प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसी कार
सिलीगुड़ी, 08 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के हेलिपैड की सुरक्षा व्यवस्था में चूक का मामला मंगलवार को सामने आने के बाद फुलबाड़ी में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में अचानक एक अज्ञात कार के घुसने से मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद वहां मौजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा विरोध जताया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल कार को प्रतिबंधित क्षेत्र से बाहर निकालने की कोशिश की। इसी दौरान आरोप है कि गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार के पीछे का शीशा तोड़ दिया।
वाहन में तोड़फोड़ के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि काफी देर तक पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी होती रही, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। घटना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस गश्त जारी है और पूरे क्षेत्र पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
फिलहाल हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में अज्ञात वाहन के प्रवेश की वजह और सुरक्षा में कथित चूक को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

